रविवार, जून 29

आज अपनी मौसी रानी गुंडीचा के घर जायेंगें भगवान -------- पुरी की रथ यात्रा आज से आरंभ ----------------------------------------------------------------------------- जगत के नाथ भगवान जगन्नाथ आज अपनी मौसी रानी गुंडीचा के घर जायेंगें । उनके साथ उनके भाई बलराम और बहन ,सुभद्रा भी जायेंगी । उड़ीसा में बंगाल की खाड़ी के किनारे बसी पवित्र नगरी पुरी में भगवान विष्णु जगन्नाथ के रूप में विराजते हैं । हर वर्ष आषाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष की दूज को भगवान रथ पर सवार हो कर अपनी मौसी के घर जाते हैं । स्कंद पुराण के अनुसार दूज को यदि पुष्य नक्षत्र हो तो भगवान की यात्रा के लिए बहुत शुभ माना जाता है और इस साल बहुत ही शुभ संयोग है . आज रवि पुष्य नक्षत्र है । भगवान जगन्नाथ का एक नाम नीलमाधव भी है । जहां भगवान जगन्नाथ विराजते हैं उसे नीलांचल भी कहते हैं । नीलमाधव शबर जनजाति के मुखिया विश्ववसु के आराध्य थे । विश्ववसु के पास से मालवा के राजा इंद्रद्युमन के पास कैसे पहुंचे और कैसे बने काष्ठ के देवता ये एक अलग कहानी है जो मैं कल लिखूंगीं । बात करते हैं भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की । भगवान जगन्नाथ उनके भाई और बहन विशाल और भव्य रथों पर सवार होकर रानी गुंडीचा के घर जाते हैं । रथ हर साल नए बनाए जाते हैं । रथ निर्माण की प्रकिया वंसत पंचमी से आरंभ हो जाती है । वसंत पंचमी को सोने की कुल्हाड़ी से रथों के लिए लकड़ी काटने का काम आरंभ हो जाता है । और अक्षय तृतीया से रथ निर्माण शुरू होता है । भगवान जगन्नाथ के प्रथम सेवक पुरी के महाराज होते हैं इसलिए सोने की कुल्हाड़ी से रथ निर्माण का शुभ आरंभ वही करते हैं । रथ आज भी पुरी के महाराजा के घर के सामने बनाए जाते हैं और आषाढ़ शुक्ल प्रतिपदा को रथों को खींच कर श्री मंदिर के सिंहद्वार पर ला कर खड़ा कर दिया जाता है । सिंह द्वार के पास पहला रथ भगवान जगन्नाथ का खड़ा होता है जिसका नाम है नंदी घोष , इस रथ के दो नाम और भी है गरूड़ ध्वज और कपिध्वज। दूसरा रथ उनकी बहन सुभद्रा का है दर्पदलन जिसे पद्मध्वज भी कहते हैं । बहन सुभद्रा का रथ अपने दो महान और प्रभावशाली भाइयों के बीच में खड़ा रहता है । दो भाइयों के सुरक्षा कवच के बीच बहन का रथ । तीसरा रथ भगवान जगन्नाथ के भाई बलभद्र का है जिसे तलध्वज कहते हैं । तीनों रथ उत्तरमुखी खड़े होते हैं । माना जाता है भगवान जगन्नाथ को रथ पर सवार देखने से जन्म जन्मांतर के पाप कट जाते है । भगवान को रथ पर लाकर बिठाते हैं शबर जनजाति के दैतापति । दैतापति शबर जनजाति के मुखिया विश्ववसु के वंशज हैं और ये स्वयं को भगवान जगन्नाथ का भाई कहते है। स्नान पूर्णिमा से लेकर नीलाद्रि विजय ( नीलाद्रि विजय क्या है अगली किसी पोस्ट में लिखूंगी ) तक दैतापति ही भगवान जगन्नाथ की सेवा करते हैं । ( दैतापति कौन है ये भी विस्तार से लिखूंगी ) आज दैतापति ढोल नगाड़े , झाँझ मंजीरे औऱ अन्य बाद्य बजडाते हुए नाचते गाते हुए भगवान जगन्नाथ औऱ उनके भाई बहन को रथ पर बिठायेंगें । पुरी के गजपति महाराजाधिराज रथ पर झाड़ू लगाते हैं जिसे छेरापहरन कहते हैं । माना जाता है भगवान की रथ यात्रा में शामिल होने 33 करोड़ पुरी देवी देवता आते हैं औऱ दस दिन तक यहीं वास करते हैं । सो आज भगवान छुट्टियां मनाने अपनी मौसी रानी गुंडीचा के घर जा रहे हैं । रानी गुंडीचा कैसे बनी उनकी मौसी ये भी बहुत रोचक कहानी है । रथ यात्रा के दौरान अपने अल्प ज्ञान के अनुसार मैं आप तक रथ यात्रा की रोचक जानकारियां पहुचाने का प्रयास करूंगी । प्रतीक्षा किजिेए अगली कड़ियों की ......... 1 ShareLikeLike · · Promote · Share

बुधवार, जून 18

AN AMZING SHOPKEEPER . MEET A GOOD SHOPKEEPER, सच्चा सौदा , धार्मिक सामान की दुकान , धार्मिक दुकानदार

-- एक दुकानदार ऐसा भी -- सामान लो, पैसा दो या ना दो
-------------------------------------------------------------------
आजकल की दुकानदारी बहुत कोरी करारी हो चुकी है । खाने पीने की दुकान से लेकर शो रूम और मॉल में खरीदादारी का सीधा सा नियम है पहले बिल बनवाओ फिर सामान लो । अब खरीददारी बहुत ही सपाट सी हो चुकी है दुकानदार और ग्राहक के बीच कोई संवाद या अपनापन नहीं बचा है । पुरानी दिल्ली और छोटे शहरों में खरीददारी करने का अब भी बहुत आनंद है दुकानदार प्रेम से बिठाते हैं फिर पूछते हैं क्या लोगे पहले कुछ खाना पीना फिर खरीददारी करना मान मनुहार औऱ प्रेम के साथ खरीदादारी अच्छी भी लगती है । हम बच्चे थे तो हमारे कस्बे में कपड़ा बेचने वाले , महिलाओं को साज श्रृंगार का सामना बेचने वाले यहां तक कि सोना चांदी बेचने वाले भी आते थे । सभी महिलाएं उनकी परमानेंट ग्राहक होती थीं । पैसा जब चाहे दे दो । एक साथ देदो किस्तों में दे दो कोई चिंता नहीं । उनके साथ एक अपनत्व का नाता रहता था । अब वो ज़माना बीत चुका लेकिन नोएडा की सुनहरी मार्किट के दुकानदार धर्मेंद्र सिंह जी ने बचपन के वो दिन याद दिला दिए । धर्मेंद्र सिंह हमारे बचपन के उन मोबाइल दुकानदारों से भी दस कदम आगे हैं । मेरा उनकी दुकान पर पहली बार तब जाना हुआ जब हमने 1999 में दिल्ली से नोएडा शिफ्ट किया । गृह प्रवेश के लिए पूजा के सामान की लिस्ट पंडित जी थमाई और दुकान का पता बता बता दिया . धर्मेंद्र सिंह की दुकान पर पूजा का सारा सामान औऱ धार्मिक पुस्तकें मिलती हैं । उसके बाद तो जितनी पूजा हुई या जो भी पूजा का सामान चाहिए उन्हीं से लेते । एक बार मेरी एक मित्र ने क्रिस्टल बॉल मंगवायी वो लगभग दो हज़ार की थीं । मैं इतने पैसे लेकर नहीं गयी थी । मैनें कहा बाद मेें दे दूंगी उन्होने बहुत निर्विकार भाव से कहा अच्छा । थोड़ी हैरानी हुई कि एक बार भी नहीं पूछा कब दोगी । ज्यादा परिचय भी नहीं । जब मैं उनके दो हज़ार रूपए देने गयी तो दुकान पर उनका भाई था मैनें उनके भाई को पैसे दे दिए । अगली बार धर्मेंद्र सिंह दुकान पर मिले मैनें उनसे कहा -- "भाई साबह वो दो हज़ार रूपया मैनें आपके भाई को दे दिया था "। धर्मेंद्र जी के शांत चेहरे का भाव एकदम बदल गया उन्होनें थोड़ी कड़ी आवाज़ में कहा -- "मैनें आपसे पूछा कि आपने पैसे दिए या नहीं दिए मैनें तो मांगे भी नहीं " । मुझे बहुत हैरानी हुई कैसा दुकानदार है खैर मैं चुप रही । धीरे धीरे उनसे परिचय बढ़ता गया । वो साधारण दुकानदार नहीं है बहुत ज्ञान ध्यान की बात करते हैं धार्मिक विषयों पर चर्चा करते हैं । उनका चेहरा उनकी बातचीत औऱ जीवन शैली राजपूतों जैसी भी नहीं हैं । स्वंय भी बहुत साधना करते हैं । औऱ साधना का तेज उनके चेहरे पर साफ दिखता है । आफ उनकी दुकान से कितना भी सामान ले सकते हो आपके पास पैसे हैं तो दे दो नहीं हैं तो ना दो । कब दोगे वो नहीं पूछेंगें आपसे । एक बार कुछ महिलाएं आयीं उन्होनें कहा कि अपने मौहल्ले को मंदिर के लिए उन्हें भगवान कृष्ण के लिए पोशाक चाहिएं लेकिन अभी ये तयनहीं है कि क्या और कितना लेना है क्योंकि पूरी कमेटी देख कर पास करेंगी । जन्माष्टमी का मौका था उन्होंनें दस बारह पोशाकें उठा लीं । औऱ चली गयीं । उनके जाने के बाद मैनें पूछा -- त्यौहार के मौके पर आपने इतनी पोशाकें ले जानें दीं कोई एडवांस भी नहीं लिया सिक्योरिटी भी नहीं ली । वो धीरे से मुस्कारए और बोले -- भगवान के ही तो वस्त्र हैं यदि कमेटी चुन कर अपने मनपसंद वस्त्र उन्हें पहना देगी तो मेरा क्या जाएगा । पैसे का क्या है कभी भी आ जायेंगें । और वो महिलाएं पहली बार धर्मेंद्र जी की दुकान पर आयीं थीं ।
नवरात्रों के अवसर पर एकबार मैं उनकी दुकान पर गयी नवरात्र शुरू होने से पहले ही उनकी दुकान पर भीड़ लगनी शुरू हो जाती है। कईं बार लंबा इंतज़ार भी करना पड़ता है । उन्हे लिस्ट थमा कर हम इंतजा़र कर रहे थे । इतने में एक व्यक्ति आया उसने धर्मेंद्र जी को 21 हज़ार रूपए दिया और कहा -- "माफ करना भाई साहिब पिछले नवरात्र में दुर्गा पूजन के लिए आपसे 21 हज़ार का सामान ले गया था लेकिन आने का समय ही नहीं मिला अब लाया हूं "। धर्मेंद्र जी ने एक भी सवाल नहीं पूछा उल्टा कहा - "अच्छा मुझे याद नहीं "।रूपए लिए और रख लिए । ये एक और झटका था मेरे लिए मुझसे रहा नहीं गया-- भीड़ छंटने के बाद मैनें पूछा लोग हज़ारों का समान ले जाते हैं और आप ना याद रखते हैं और ना तकाज़ा करते हैं । उन्होनें उस दिन मुझे जो उत्तर दिया वो बहुत ही दार्शनिक था --- "देखिए ये भगवान के सामान की दुकान है जो सामान ले कर पैसे दे जाता है उसका पुण्य जो नहीं देता मेरा पुण्य "। इसके आगे मैे उनसे क्या सवाल करती । उन्होनें इतनी बड़ी बात कह दी । वो सचमुच और सही मायने में धार्मिक सामान की दुकान चलाते हैं । पूर्ण भाव से भगवान को समपर्ण । आज सुनहरी मार्किट में उनकी पांच दुकानें है । अब तो उन्होनें पूजा के सामान के अलग अलग स्टोर बना दिए हैं । हमें नोएडा से दिल्ली शिफ्ट किए हुए सात साल हो गए हैं आज भी पूजा का सारा सामान धर्मेंद्र जी दुकान से ही आता है ष कईं बार तो मैं फोन करके सामान लिखवा देती तो वो मेरे फिल्मसिटी स्थित 16 सेक्टर ज़ी न्यूज़ के ऑफिस भिजवा देते पैसे मांगने का तो सवाल ही नहीं कभी भी दूं या ना दूं । आजकल ऐसे लोग बहुत कम हैं ।
LikeLike ·  · Promote · 

बुधवार, मई 7

2014 चुनाव में क्या-क्या पहली बार?


2014 का आम चुनाव पिछले आम चुनावों से कई मायनों में अलग है। इस चुनाव की अनेक हाइलाइट्स है। पहली बार आम चुनाव में देश के प्रधानमंत्री का कोई अस्तित्व नहीं दिखा। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह नयी सरकार के गठन से पहले ही सुर्खियों से गायब हो गए। दस साल तक देश के प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले मनमोहन सिंह को कांग्रेस ने अपने चुनाव प्रचार से बाहर ही रखा। इससे अच्छे तो भूतपूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ही थे जिन्होनें अल्पमत और अल्पदिनों की सरकार होने के बावजूद जम कर चुनाव प्रचार किया था। शायद मनमोहन सिंह को इसका मलाल भी नहीं होगा। उनके पूर्व मीडिया सलाहकार संजय बारू की किताब The accidental prime minister के अनुसार मनमोहन सिंह ने कभी चाहा ही नहीं कि मीडिया में उन्हें गांधी परिवार से ज्यादा तरजीह दी जाए या वो राहुल गांधी से ज्यादा सुर्खियां बटोरें।



पहली बार ऐसा हुआ कि किसी दूसरी पार्टी के नेता ने किसी शहीद का नाम ले लिया तो उस पर हंगामा खड़ा हो गया। पहली बार ऐसा हुआ कि देश पर अपनी जान लुटाने वाले वीरों को भी मज़हबों में बांट दिया गया। शहीद भी तेरे शहीद और मेरे शहीद हो गए। इससे शर्मनाक और क्या हो सकता है? चुनाव प्रचार का स्तर गिरने की सभी सीमाएं इस बार पार हो गईं। देश की रक्षा में हर समय हर पल तत्पर रहने वाली सेना को चुना प्रचार में ऐसे घसीटना दुर्भाग्यपूर्ण है। 

पहली बार ऐसा हुआ कि पूरा चुनाव एक व्यक्ति के आसपास सिमट गया। सियासी दलों की लड़ाई के बजाए व्यक्ति विशेष, की लड़ाई बन गयी। चुनाव नरेंद्र मोदी बनाम राहुल गांधी हो गया। सोशल मीडिया का सियासी दलों ने जम कर इस्तेमाल किया तो आम लोगों के लिए भी ये चुनावी अखाड़ा बन गया। सोशल मीडिया में भी पूरी तरह खेमेबंदी। मोदी समर्थक और मोदी विरोधी खेमे में इतना ज़बरदस्त मुकाबला कि पूछो मत कौन किसके खिलाफ कितना ज़हर उगलता है इसमें भी गला काट प्रतियोगिता। हां आम आदमी पार्टी के समर्थक भी बहुत है लेकिन वो रेस में कुछ पिछड़े से लगे (दिल्ली विधानसभा चुनाव की तुलना में)।

सबकी खबर लेने वाले मीडिया की साख इस बार दांव पर लगी। मीडिया को सोशल साइट्स पर सबसे ज्यादा बुरा भला कहा जा रहा है । यहां तक कि मीडिया भी आपस में बंटा नज़र आ रहा है। विशेष कर नरेंद्र मोदी और राज ठाकरे के इंटरव्यू पर पत्रकारों, लेखकों और बुद्धिजीवियों की करारी टिप्पणियां मीडिया की साख पर बट्टा लगा रही हैं। मीडिया से जुड़ी साइट्स पढ़िए, वहां पत्रकारों को सबसे ज्यादा भला बुरा उनकी अपनी ही बिरादरी कह रही है। सियासी दलों के चुनाव प्रचार से मुख्य मुद्दे और सामाजिक सरोकार गायब हैं तो मीडिया से भी गायब हैं। नेता मुद्दों से भटक कर निजी आरापों के दलदल में फंस गए हैं । चुनाव प्रचार का इतना घटिया स्तर अपनी याद में मैनें कभी नहीं देखा । 


मीडिया को कटघरे में इस तरह पहली बार खड़ा किया गया। हां सबसे ज्यादा अगर किसी की रिपोर्टिंग लोगों ने पसंद की तो एनडीटीवी के रवीश कुमार की। रवीश भी अगर एयरकंडीशंड स्टूडियो में बैठ कर या फिर अलग अलग जगहों पर चुनावी मुकाबले करवाते तो उनकी भी यही गत होती। रवीश ने चुनावी रिपोर्टिंग को एक नया रूप दिया। 
आप को इस चुनाव में पहले चुनावों से क्या अलग और अनोखा दिखा आप भी बताएं । ये मेरा निजी आकलन है । आपने भी बहुत सी बातें इन चुनावों में नोट की होगी प्लीज़ सबके साथ शेयर करें . अब तो चुनाव आखिरी दौर में चल रहा है ।