सर्जना शर्मा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सर्जना शर्मा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, फ़रवरी 21

छत्तीसगढ़ का गौरव पंडवानी गायिका प्रभादेवी...सर्जना शर्मा

"मैं इतनी उड़ान भरुं , इतनी ऊंची उडूं , इतनी ऊंची उडूं कि तीजन दीदी के बराबर पहुंच जाऊं , बस मेरे छतीसगढ़ का नाम हो , मेरे मां बाप का नाम हो , मेरे गुरूदेव का नाम हो मेरे देश का नाम हो " वो  बोलती जा रही थीं और उनकी  आंखों में सितारे चमक रहे थे , उनके सांवले सलोने चेहरे पर ऐसा मधुर भाव  आ रहा था जिसे मैं शब्द ही नहीं दे पा रही हूं  । बस उनका  वो हसरतों से भरा चेहरा बार बार मेरे सामने आ रहा है । दिल्ली के इंदिरा गांधी कला केंद्र में वो मेरे सामने बैठी थी गहरे हरे रंग की ठेठ छतीसगढ़ी साड़ी , मांग में ढ़ेर सारा सिंदूर माथे पर बड़ी सी बिंदी , गले में, बाजुओं में हाथों में चांदी के परंपरागत गहने और कमर में चांदी की मोटी सी सुंदर तगड़ी । पतली दुबली सी ये महिला छतीसगढ़ की पंडवानी गायिका है प्रभादेवी । इंदिरा गांधी कला केंद्र में चल रहे जय उत्सव -- जीवंत परंपरा में महाभारत , में वो अपने इलाके की महाभारत कथा सुनाने आयी हुई है । उनकी नवरस भरी पंडवानी तो मैं कईं दिन से सुन रही थी लेकिन जब पहली बार बात की तो एक ऐसी प्रभादेवी से परिचय हुआ जो एक प्रतिभाशाली कलाकार होने के साथ  साथ एक बेहतरीन इंसान भी हैं और अपने दम पर ऊंची उड़ान भरने की हिम्मत रखती हैं  । तीजन बाई ने पंडवानी में खूब नाम कमाया सम्मान पाए , देश विदेश में घूमी । प्रभादेवी के लिए तीजन बाई रोल मॉडल हैं उनके लिए मन में वो बहुत सम्मान रखती हैं । और उसी ऊंचाई को छूना  चाहती हैं जहां तीजन बाई पहुंची।

 प्रभा ने पंडवानी गायन कैसे शुरू किया मैनें सवाल किया तो वो अपने अतीत में चली गयीं उनके पिता राम सिंह यादव भी उनके साथ बैठे हुए थे । प्रभा ने बताया उनके गांव में एक बार एक पंडवानी  गायिका आई  उस समय वो तीसरी क्लास में पढ़ती थी । और उसी दिन तय कर लिया कि बस वो भी पंडवानी गायिका ही बनेगीं । और महाभारत के कुछ प्रसंग ले कर जब तब  गाना  शुरू कर दिया । गांव के बड़े बूढ़ों ने सुना तो उन्हें लगा लड़की में दम है इसे पंडवानी की शिक्षा मिलनी चाहिए। गुरू की खोज  शुरू कर दी गयी । और आखिर में गांव के लोगों ने गुरू खोज दी दिया- उनके गांव चंदखूरी फार्म से दूर बासिन गांव के झाडूराम देवांगन । और अपने माता पिता की इकलौती संतान प्रभा छोटी सी उम्र में घर छोड़ कर गुरू की शऱण में चली गयीं । माता पिता तो बिल्कुल नहीं चाहते थे कि छोटी सी सुकुमार बेटी आंखों से दूर हो जाए । लेकिन बच्ची ने ठान लिया था कि वो पंडवानी गायिका बन कर ही रहेगी । गुरू देवांगन को पूरी महाभारत जुबानी याद थी, अनेक सम्मानों ,पुरस्कारों से सम्मानित थे । अब जहां कहीं गुरू जी पंडवानी गाने जाते प्रभा भी साथ साथ जातीं और ध्यान से सुनतीं कि गुरू जी क्या और कैसे गा रहे हैं । अकेले में वैसे ही गाने की प्रैक्टिस करतीं ।

गुरू जी के बेटे कुंजबिहारी ने उन्हें सबल सिंह चौहान द्वारा लिखी महाभारत दी । उसमें पूरी महाभारत दोहों और चौपाइयों में है । चौपाइंया याद करनी शुरू की । हारमोनियम तबला बजाना सीखा । अब गुरू जी ने देखा कि प्रभा सीख  रही है तो उन्होने अपने साथ मंच देना शुरू किया । गुरू जी गा लेते तो छोटी सी बच्ची की बारी आती दस पंद्रह मिनट वो भी गातीं सुनने वाले दंग रह जाते इतनी छोटी सी बच्ची और इतनी प्रतिभा । देखते देखते छतीसगढ़ की महाभारत उन्हें जुबानी याद हो गयी । और गुरू ने सोने को आग में तपा कर कुंदन बना दिया। अब वो पंडवानी गाने जाती है राज्य सरकार से बहुत सहायता मिलती है । प्रभा देवी अपनी कहानी सुना रही थी और उनके पिता की आंखों से झर झर आंसू बह रहे थे । उन्हें वो दिन याद रहे थे जब उनकी छोटी सी बेटी पंडवानी के लिए उन्हें छोड़ कर चली गयी थी । लेकिन अब वो खुश भी हैं कि उनकी बेटी नाम कमा रही है ।

जय उत्सव में प्रभा देवी की पंडवानी सुनना एक सुखद अनुभव रहा . अपनी मंडली के साथ वो गाती हैं एकतारा और खड़ताल स्वयं बजाती है । पल में महान योद्धा अर्जुन बनती है तो दूसरे ही पल अर्जुन की सखा कृष्ण ।  मधुर लेकिन बुलंद स्वर । पंडवानी में केवल गायन और वादन ही काफी  नहीं है अभिनय भी महत्वपूर्ण है । प्रभादेवी जिसका किरदार निभाती हैं वैसी ही हो जाती हैं । किरदार में पूरी तरह डूब जाती हैं । उन्हें देख कर लगता है वो गा नहीं रही हैं बल्कि आनंद  के सागर में गोते लगा रही हैं । एक गोता लगाती है और बाहर आती है । वो स्वयं बताती हैं कि जब अर्जुन के संवाद गाती है तो उन्हें लगता है अर्जुन धनुष बाण लिए हुए उनकी तरफ आ रहे हैं और जब कृष्ण के संवाद गा रही होती हैं तो लगता है सुदर्शन चक्र लिए पीतांबर धारी बढ़े चले आ रहे हैं । यही है अपने काम में आकंठ डूब जाने का प्रमाण महाभारत को पल पल जीने का प्रमाण ।
 महाभारत में सबसे अच्छा क्या लगता है ?  ऐसा कौन सा प्रसंग है जो आपको बहुत प्रिय है ?  प्रभा ने कहा द्रोपदी का स्वयंवर और सुभद्रा का भगवान कृष्ण से विवाह .।और प्रभा ने ये भी बताया कि क्यों . प्रभा कहती है इसमें श्रृंगार रस है और इसे महिलाएं भी समझती हैं औऱ जब मेरी महिला श्रोता झूम उठती हैं तो मुझे भी आनंद आता है ।

छतीसगढ़ की महाभारत और लोक कथाओं में द्रोपदी को मां पार्वती का अवतार माना जाता है और मां जगदंबा की तरह पूजा जाता है । प्रभा कहती हैं उनके इलाके में द्रोपदी का उपहास नहीं उड़ाया जाता वहां द्रोपदी के पांच पति होने के पीछे एक पौराणिक कहानी जुड़ी है । प्रभा द्रोपदी की बात जब करती है तो उनके हाथ श्रद्धा से जुड़ जाते हैं । वो बताती हैं कि एक  गाय के श्राप से ही मां पार्वती को पांच पतियों की पत्नी बनना पड़ा ।

एक बार एक गाय के पीछे पांच सांड पड़े थे गाय स्वंय को बचा रही थी मां पार्वती ने देखा तो वो गाय को देख कर हंस पड़ी । तब गाय ने श्राप दिया कि मैं तो असहाय गाय हूं तुम्हे नारी के रूप में पांच पतियों की पत्नी बनना पडेगा । प्रभा  बताती हैं कि गाय के श्राप के कारण ही मां पार्वती ने द्रोपदी के रूप में जन्म लिया . और जहां मां पार्वती जायेंगी वहां भगवान शिव को तो जाना ही पड़ेगा इसलिए पांचों पांडव भगवान शिव का ही अवतार हैं । द्रोपदी से जुड़ी ये लोक कथा छतीस गढ़ की आंचलिक महाभारत की कहानी है । और सदियों से यहां द्रोपदी को जगदंबा के रूप में पूजा जाता है । और महाभारत का ये लोक रूप , व्याख्या वहां के जनमानस में लिखित महाभारत से कहीं ज्यादा गहरी आस्था से जुड़ी है ।

अब प्रभा ने अपनी जय मां कौशल्या पंडवानी पार्टी बना रखी है , रेडियो पर गाती हैं टीवी पर गाती है मंच पर गाती हैं गांवों में गाने जाती हैं । शादी हुए कईं साल हो गए तीन बच्चे हैं । पति घर पर रह कर खेती बाड़ी संभालते हैं और बच्चों की देख रेख भी करते हैं । दो बेटियां हैं एक बेटा । सब पढ़ रहे हैं कोई भी पंडवानी को अपना पेशा बनाना चाहेगा तो वो मना नहीं करेगीं । इस साधारण सी दिखने वाली महिला ने अपनी लगन से एक मंजिल हासिल कर ली है बस अब हसरत है ऊंची उड़ान भरने की । प्रभा देवी बहुत महिलाओं के मिसाल हैं ।
                                                                                                                    

शनिवार, दिसंबर 18

गुलाबो मौसी

टीवी पर एक खबर चल रही थी मुंबई में राष्ट्रीय किन्नर संघ के अध्यक्ष गोपी अम्मा की हत्या के आरोप में उन्ही की शिष्या आशा अम्मा पकड़ी गयी । मामला प्रोपर्टी का था । किन्नर जो कि खुशी  के मौके पर हर घर में आकर नाचते गाते हैं अब बहुत से अपराधों में पकड़े जाने लगे हैं । कभी किसी को जबरन पकड़ कर हिजड़ा बनाने के आरोप में तो कभी आपसी लड़ाई झगड़े औऱ  लूटपाट के आरोप में पकड़े गए । सड़क पर चौराहों पर जब लाल बत्ती होने पर गाड़ी रूकी रहती है तो सजे धजे किन्नर मांगने आ जाते हैं । मंदिरों के बाहर भी किन्नर मांगते रहते हैं । मैं कभी  भी किसी किन्नर को खाली हाथ नहीं जाने देती । कुछ रूपए उनकी  हथेली पर ज़रूर  रखती हूं । कई बार राह में यूंही चलते फिरते मिल जाते हैं तो भी उन्हें पैसे ज़रूर देती हूं। 

मैं जब भी किन्नरों को देखती हूं मुझे गुलाबो मास्सी याद आ जाती है । गुलाबो मास्सी की बहुत मीठी यादें मेरे साथ जुड़ी हैं । मुझ से ही क्यूं हमारे मौहल्ले के हर बच्चे को आज भी  गुलाबो मास्सी की याद है । गुलाबो मास्सी का सूचना केंद्र तो हम सब बच्चे ही होते थे । हमारे मौहल्ले में 16 घर थे सबके 6 या सात बच्चे थे बस मैं और मेरी बहन ही दो थे । हमारा मौहल्ला एक बड़े परिवार की तरह था । सब बच्चे मिल कर बहुत उधम काटते थे । 

गुलाबो मास्सी जब अपनी टोली के साथ आती तो उनका ढोलक वाला ज़ोर से अपनी ढ़ोलक पर थाप देता और वो ताली बजातीं । हम सब बच्चे भाग कर गुलाबो मास्सी के पास पंहुच जाते । हमारे मौहल्ले में घुसते ही पीपल का पेड़ था और वहां बैठने की जगह भी बनी हुई थी गुलाबो मास्सी अपनी टोली के साथ वहां बैठ जाती हम सब को लाड़ दुलार करती । फिर वो पूरी सूचनाएं लेती किस के घर बेटा हुआ , किसके बेटे की शादी हुई , या किसकी बेटी अपने मायके डिलीवरी  कराने आई हुई  है । अपने मौहल्ले तो क्या पूरे शहर  की  खबर  हम मास्सी को बता देते। 

फिर वो पूछतीं,  'कुड़े तेरी  मां ने की चाढ़या '  ए लड़की तेरी मां ने आज क्या खाना बनाया है । हम बता देते फिर वो कह जाती कि आज मैं तुम्हारे घऱ खाना खांऊगी । उनका सबके साथ अपनेपन का नाता था मास्सी यानि मौसी हमारी मां की बहन यही संबोधन उन्हें सब देते थे ।  कभी  किसी से लडती नहीं थीं , ना ही किन्नरों जैसी अश्लील हरकतें करतीं थीं । अगर किसी ने कहा कि आज नहीं अगले हफ्ते नाचने आ जाना तो वो मान जातीं । कभी नेग को लेकर उन्होने विवाद नहीं किया हां सूट ज़रूर मांगती थी. उनके ढ़ोलक वाले के कपड़े भी कभी कभी मांग लेतीं । वो सबकी माली हालात के बारे में जानती थीं, इसलिए हैसियत देख कर नेग लेतीं कभी ज्यादा की जिद नहीं करती।

अगर मैं कहूं कि गुलाबो मास्सी किसी सदगृहस्थ महिला जैसी थीं तो इसमें कोई अति श्योक्ति नहीं  होगी   । सब महिलाओं के साथ बहुत अच्छा संबंध  रखती दुख सुख में आती जाती । हम बच्चों से तो एक विशेष रिश्ता था सूचनाएं तो सभी हम से ही मिलती थीं । गुलाबो मास्सी पिंजौर से आया करती थीं उनका बड़ा सारा इलाका था । हम पंचकूला में रहते थे. उन्होनें जिन बच्चों के पैदा होने में नाचा उनके बच्चों के पैदा होने पर भी वही आती थीं । जो अपने घर में नचवाता था वो हम बच्चों से ही कह देता-जाओ सबके घर सददा यानि बुलावा दे आओ .

हम आनन फानन में सबको बुला लाते . तब तक उनकी टोली चाय पानी पीती । 10 -15 निनट में सब महिलाएं उनके लिए आटा , चावल चीनी और नेग लेकर पहुंच जातीं । और वो मन लगा कर नाचती उनकी टोली के अन्य किन्नर भी नाचते पंजाबी गाने , फिल्मी गाने . और उनका ढ़ोलक बजाने वाला तो लाजवाब था । बहुत अच्छी ढ़ोलक बजाता । जब तक वो जीयीं उनके साथ वही रहा।

मेरी बुआ की बेटी अरूणा  भी बहुत अच्छी ढ़ोलक बजाती है . गर्मियों की छुट्टियों में वो आयी होती तो ढ़ोलक वाले के पास बैठ कर और अच्छा  बजाना सीखती    और हंसी में कहती थी अगर मुझे बड़े होकर नौकरी ना मिली तो मैं भी आप लोगों की टोली में ढ़ोलक बजाऊंगी । गुलाबो मास्सी मुझे रख लोगी ना ? और सब हंस देते। और फिर बारी आती बच्चे को लोरी सुनाने की .

किन्नर नवजात शिशु को अपनी गोद में लेकर दूध पिलाने का अभिनय करते और साथ ही गाते ---' घर जाण दे री लाला रोवे मेरा' यानि अब मुझे घर जाने दो मेरा बच्चा रो रहा है । गुलाबो मास्सी नवजात शिशु को अपनी गोद में लेकर एक पीढ़े  पर बैठ जाती    और अपने आंचल से बच्चे को ढ़क दूध पिलाने का अभिनय करती । उस समय उनके चेहरे पर किसी ममतामयी मां जैसे भाव  होते। आंखे थोड़ी नम हो जातीं । हम छोटे थे लेकिन जैसे अपनी मां की आंखों की भाषा समझ सकते थे वैसे ही गुलाबो मास्सी की आंखो और चेहरे के भाव भी पढ़ लेते थे।

अब जब उनका वो चेहरा आंखों के सामने आता है तो महसूस होता है कि उस समय उन्के दिल को अपने किन्नर होने का कितना दुख होता होगा । शायद   मातृत्व का कुछ पल का वो सुख  वो सुखद अहसास उन्हें भावुक बना देता था । दुलाबो मास्सी की गोद में अपना बच्चा सौंपने में   किसी को   ज़रा भी  संकोच नहीं होता था । और फिर बच्चे को गोद में लिए लिए ही वो सबसे नेग लेती । और फिर बच्चा अपने ढ़ेरों आशीर्वादों के साथ मां , दादी या नानी की झोली में डाल देतीं अगर उनसे कोभ कहता गुलाबो आज तो तू थोड़ा ही नाची तो वो कहती लो और नाच देती हूं।

वो सबको खुश करके जातीं औऱ जाते जाते  वो  नेग में मिले चावलों के दानों से अपनी   मुठ्टी भर  लेतीं   औऱ गातीं --- तेरे कोठे उत्ते मोर तेरे मुंडा जम्मे होर साल नूं फेर आंवां ( तेरी छत पर मोर है , तेरे एक बेटा और हो और अगले साल मैं फिर बधाई गाने आऊं )  वो कईं बार पूरे सुर ताल में अपनी मंडली के साथ यही लाईन गातीं जातीं और चावल के दाने घर की तरफ डालती जातीं । तब तक फैमिली प्लानिंग का रिवाज़ नहीं था । औऱ हंसते मुस्कुराते वो लौट जातीं।

पहले वो बस में आया करती थीं फिर उन्होने एक मारति कार खरीद ली और उसी में आया करतीं । गुलाबो मास्सी ने हम सब को बड़े होते देखा , सबकी शादी होते और फिर बच्चे होते देखे । पढ लिख कर मैं नौकरी करने दिल्ली आ गयी मेरी बहन के बेटा हुआ तो वो खुशी के मारे पागल हो गयी । क्योंकि हमारा कोई भाई नहीं था खूभ नाच कर गयीं नेग लेकर गयीं । जब कभी  मैं दिल्ली से  घर जाती और वो किसी के यहां बधाई गाने आतीं तोमैं उनसे जाकर ज़रूर मिलती और वो  खूब प्यार दुलार करतीं । आजकल जब किन्नरों की हरकतों के बारे में पढ़ती हूं तो मन दुखी  हो जाता है।

किन्नरों की कमाई भी अब कहां रही . हम दो हमारे दो और बच्चा एक ही अच्छा के नारे ने उनकी आमदन तो खत्म कर ही दी है बढ़ते शहरी करण में उनके इलाके भी शायद वैसे सुरक्षित नहीं रहे जैसे पहले हुआ करते थे । वसंत विहार में रहने वाले हमारे एक मित्र ने बताया कि उनकी विशाल कोठी में जब व्हाईट वाश हुआ तो इलाके के किन्नर नेग मांगने आगए कहने लगे आपका बेटा तो शादी करता नहीं फिर कोठी की पुताई का ही नेग दे दो।

अब कुछ किन्नर अपने काम धंधे में भी लगने लगे हैं । और कुछ अपराध की दुनिया में चले गए हैं । लेकिन मेरे मन में तो बचपन से ही एक छवि है ममता मयी गुलाबो मास्सी की वो अब इस दुनिया में नहीं रहीं लेकिन उनकी याद मैं कभी  भुला नहीं पाऊंगी । महानगरीय जीवन में किन्नर तो क्या अपने पड़ोसी से भी हम ऐसा नाता नही जोड़ पाते हैं जो हमारे पूरे मौहल्ले के छोटे से कस्बे  का  गुलाबो मास्सी के साथ था।