रविवार, जून 19

ज्योतिष का पीपली लाइव...सर्जना शर्मा



एक टीवी चैनल पर एक ज्योतिषी जी भगवा चोगा पहन कर, गले में एक मोटी सी सफेद माला डाल कर चश्मा लगाए बैठे थे । दर्शकों से सीधे फोन इन चल रहे थे । बहुत ही फनी से लग रहे थे, जिस दर्शक से उनकी बात चल रही थी आप भी सुनिए --

---- पंड़ित जी मेरा व्यापार ठीक नहीं चल रहा क्या करूं ?

---- तुम्हारी सबसे बड़ी बहन होगी ?

--- नहीं पंड़ित जी मेरे दो बड़े भाई फिर मैं और फिर मेरी एक बहन...

---- अच्छा तुम्हारी बहन को एलर्जी रहती  होगी ?

-- नहीं तो कभी नहीं रही...

---- फिर तु्म्हें बहुत एलर्जी रहती होगी

---- नहीं मुझे तो कोई एलर्जी नहीं है...

--- पंड़ित जी के सभी अनुमान गलत लेकिन खिसियाए से पंड़ित जी बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ाते रहे...

--- अच्छा तुम अपने घर के जिस कमरे में रहते हो वो बदल लो, दूसरी मंज़िल पर रहते हो...

---- नहीं हमारा  घर तिमंजिला है मैं तीसरी मंज़िल पर रहता हूं...

--- दर्शक से सीधे लाइव वार्तालाप चल रहा है और पंड़ित ती अपनी सड़क छाप भाषा में बात करते जा रहे थे...

-----अच्छा तो तुमने कभी  किसी से प्यार किया है....

--- नहीं पंड़ितजी किसी से नहीं किया.. 

--- अब पंड़ित जी के चेहरे पर एक विचित्र सी मुस्कान आयी और एंकर से मुखातिब हो कर बोले-

- लो कैसा बंदा है बंदे ने कभी प्यार ही नहीं किया... 
--- अरे  भाई जीवन में प्रेम नहीं तो फिर क्या कुछ भी नहीं... 
 फिर उन्होने दर्शक को कुछ नुस्खे बताए कि कौन से ग्रह के लिए क्या करो...

और इन पंडित जी के अपने इतने उच्चारण दोष हैं कि आप सुन कर हंसते हंसते लोट पोट हो जायेंगें, मनोरंजन के लिए ऐसे प्रोग्राम देखे जा सकते हैं लेकिन देख कर दुख होता है कि एक प्राचीन विद्या को कैसे हल्के में लिया जाता है और भोले भाले दर्शकों से खिलवाड़ किया जाता है ।

एक और चैनल पर एक तथाकथित पंड़ित जी आते है -- मूल रूप से वो मुस्लिम हैं, लेकिन उन्होने अपना नाम बदल रखा है और धार्मिक चैनलों पर समय खरीद रखा है क्योंकि इन लोगों के पास इतना पैसा होता है जो ये लोगों से पूजा पाठ तंत्र मंत्र के नाम पर वसूलते रहते हैं ।
चैनल सर्फिंग में एक दिन देखा  ये जनाब भी  दर्शकों से सीधे वातार्लाप कर रहे थे एक लड़की लाईन पर थी....

----- पंड़ित जी नमस्कार...
--  नमस्कार.... आंखें बद किए हुए पंड़ित जी ने उत्तर दिया....

----- मेरी शादी नहीं हो रही है 21 साल की हो गयी हूं ...

---- अच्छा शादी नहीं हुई कोई बातनहीं मैं करवाऊंगा तुम्हारी शादी बस तुम मेरे बताए उपाय करना और फिर देखना कैसे महीने भर में दुल्हन बन जाओगी...
 
---- अब लड़की का गला रूंध गया लगभग रोते रोते उसने कहा -- मैं और मेरे घरवाले तो परेशान हो चुके हैं बस अब आपका ही सहारा है ...
--  उस बाबा ने लड़की को कई उपाय बताए जो मुझे याद नहीं लेकिन एक जो इंस्टेंट   उपाय बताया वो सुनिए...

--- बेटी तुम एक काम कर सकती है अगर ये तुमने कर लिया तो समझ लो बस 15 दिन में शादी पक्की...

---- हां बताओ  ना बाबा जी मैं ज़रूर करूंगी, कुछ भी कर लूंगी....

---- अपनी किसी शादीशुदा सहेली के घर जाओ उससे उसका शादी का जोड़ा एक दो दिन के लिए मांग लाओ उसे घर ला कर पहनो,
और साथ ही उन्होनें कुछ पूजा पाठ और मंत्र भी बताए
 
बाबा जी भी  ये अच्छी तरह से जानते हैं कि कोई भी महिला अपनी शादी का जोड़ा किसी को नहीं देगी और लड़की ये उपाय कर नहीं पायेगी....

 इन बाबा जी का माया जाल दूर दूर तक फैला है तीन सवालों के दस हज़ार रूपए लेते हैं बहुत से लोग इनके जाल में फंसते हैं । पैसा एडवांस जमा कराते हैं अगर कभी सामने वाला तगड़ा मिल जाए जैसा कि एक बार इन्हें मिला । वो मुंबई का रहने वाला था उसने किसी तरह हमसे संपर्क किया और कईं  संपर्कों  से होते हुए जब बाबा जी तक बात पहुंची तो मौके की नज़ाकत को भांपते हुए उन्होनें ना केवल दस हज़ार रूपए लौटाए बल्कि अपनी सफाई पेश की और मुफ्त ज्योतिषीय सलाह देने को राजी हो गए क्योंकि वो अच्छे से जानते थे कि इस मामले में उन्हें लेने के देने पड़ सकते हैं और दुकान भी  बंद हो सकती है ।
                                       
आज हर चैनल पर कपूर तनेजा मित्तल , सिन्हा , श्रीवास्तव , आदि आदि भिन्न प्रकार के पंड़ित आपको मिलेंगें और तमाम तरह के नुस्खे  सुझायेंगें कुछ तो ये भी बताते हैं कि पति को वश में करने के लिए क्या किया जाए । हर न्यूज़ चैनल में आजकल खबरों से ज्यादा ज्योतिष , वास्तु आदि के शो हैं । और कुछ तो बाकायदा ज्योतिषियों और तर्कशास्त्रियों में भिडंत भी  करवा देते हैं ।
           
ज्योतिष के कुछ नियम है जिनका पालन करना ज्योतिषी के लिए बहुत आवश्यक होता है । और ज्योतिष ऐसी विद्या भी नहीं है कि एक सवाल पूछते ही तुरंत उसका उत्तर हाज़िर है...गणना करने में भी  समय लगता है कुंडली की विवेचना में भी समय लगता है । लेकिन फिर भी लोग ना जाने क्यों इन ऑन लाईन   पंड़ितो से सवाल पूछते रहते हैं और इनके हाथों बेवकूफ बनते रहते हैं । दुख की बात तो ये हैं कि जिनके कंधे पर समाज में जागृति लाने की ज़िम्मेदारी है वही इन्हे प्रमोट कर रहे हैं । ज्योतिष को ईश्वर के चक्षु कहा गया है और हमारे संतों ऋषि मुनियों ने इस विधा पर बहुत काम करके ग्रंथों की रचना की है  लेकिन आज उसका सदुपयोग कम और दुरूपयोग ज्यादा हो रहा है,  शायद ही इनमें से कोई प्राचीन ज्योतीषीय ग्रंथों को पढ़ता  होगा  ।            
          
 

शुक्रवार, जून 3

अलविदा सलीम शहजाद, तुम्हारे जज़्बे को सलाम...सर्जना शर्मा


लापता पाकिस्तानी पत्रकार सलीम शहजाद की लाश गाड़ी में मिली। सभी टीवी चैनलों पर जब मैनें ये खबर देखी तो सकते में आ गयी। सलीम शहजाद से पिछले लगभग दो साल से ई-मेल के जरिए संपर्क बना हुआ था। सलीम शहजाद से मेरा सपंर्क उस समय हुआ जब नेट पर मैं तालिबान से संबंधित सामग्री की खोज कर रही थी। गहरी जानकारी, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में घटनाओं का विश्लेषण संबंधित सलीम का एक लेख पढ़ा और नीचे लेखक का नाम और ई मेल लिखा मिला तो उन्हें एक मेल डाली और उसका तुरंत जवाब भी आया। फिर सलीम लगातार अपने लेखों का लिंक भेजने लगे। और उनके लेख कभी कभी तो किसी ज्योतिषी की भविष्यवाणी जैसे लगते। सलीम जब लिखते कि अब इस घटना का पाकिस्तान या अफगानिस्तान में ये असर होगा तो थोड़े दिन बाद देखने को मिलता कि ऐसा ही हो रहा है। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के घटना क्रम पर सलीम शहजाद ने कई बार हमारे चैनल के लिए फोन इन भी दिए ।
सलीम से कई बार फोन पर भी बात होती। बातचीत में बहुत संजीदा और तमीज़याफ्ता । सलीम की आतंकवादी गुटों, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के घटनाक्रम और अमेरिकी नीतियों पर गहरी पकड़ थी। आतंकवादी संगठनों  की पूरी जानकारी भी सलीम के पास रहती थी। सलीम कई विदेशी अखबारों में नियमित रूप से लिखते थे। और उनके लेखों को गंभीरता से लिया जाता था । सलीम सचमुच अपनी जान हथेली पर रख कर काम कर रहे थे । मई के महीने में ही सलीम ने मुझे एक मेल भेजी थी जिसमें उन्होने अपनी आने वाली किताब --- inside alqada and the taliban, beyond bin-laden and 9/11 के बारे में जानकारी भेजी थी। सलीम ने लिखा था कि इस किताब में 2002 से लेकर 2006 तक की उन सभी घटनाओं का ब्यौरा है जिनके कारण अल कायदा और तालिबान की वापसी हुई। और तो और सलीम शहजाद ने अपनी इस किताब में ये खुलासा भी किया है कि मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले का असली मास्टर मांइड कौन था और उसी ने किस तरह से अफगानिस्तान के वॉर थियेटर के आयाम बदल दिए । ज़ाहिर सी बात है इसमें वो सब कड़वे सच होंगें जिन्हें पाकिस्तान सरकार कभी पसंद नहीं करेगी। नेवी बेस पर हुए हमले की सच्चाई का खुलासा भी सलीम शहजाद  ने किया जो उनकी हत्या का कारण भी बना। सलीम शहजाद की वो किताब जिसका विमोचन 20 मई को हुआ था, आप उसे गूगल डॉट कॉम पर जाकर plutobooks.com पर देख सकते हैं और खरीद भी सकते हैं । सलीम शहजाद का अपना ब्लॉग भी था-http:/www.syedsaleemshahzad.com
उनके लेख पढ़ कर ही उनकी पैनी कलम का अहसास होता है और पता चलता है कि वो एक खोजी, निडर और बहादुर पत्रकार थे। ऐसे पत्रकार की हत्या से पाकिस्तान के अंदरूनी हालात और सरकार के रैवेये की पोल खुलती है । सलीम की हत्या की खबर से बहुत दु:ख हुआ। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। मेरी तरफ से उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि।

मंगलवार, मई 24

पानी पानी रे...बिन पानी सब सून


सर्जना शर्मा
भयंकर गर्मी का महीना जयेष्ठ चल रहा है। इस महीने की गर्मी शरीर के लिए बहुत घातक हो सकती है अगर हम अपना ठीक से ध्यान ना रखें तो । भारत पूरी दुनिया में एकमात्र ऐसा देश है जिसमें 6 ऋतुएं हैं। हमारे सारे त्यौहार, पर्व ऋतुओं के अनुकूल ही है । इस महीने में सबसे ज्यादा महिमा जल की है। सूर्य की तेज़ किरणों में धरती के साथ साथ मनुष्य के शरीर के भीतर का जल भी सूखने लगता है। और हमारे ऋषि मुनियों ने इस महीने में जल के सरंक्षण को धर्म से जोड़ा ।  हमारा परंपरागत समाज  पूर्वजों के  बनाए नियमों का पालन भी करता है । आधुनिक लोग भले ही अपने स्वार्थ के दायरे में बंधे रहते हों लेकिन हमने अपने बचपन में देखा कि हमारे पड़ोस की बहुत सी महिलाएं जयेष्ठ के महीने में नंगें पांव रहने और जल ना पीने का व्रत लेती थीं । स्वयं भले ही ना पीएं लेकिन दूसरों के लिए शर्बत बना कर देना , राहगीरों के लिए ज़मीन खोद कर घड़े ऱखना और फिर उसमें स्वयं जल भरने जाना वो भी दिन में दो या तीन बार । हम छोटे थे तो हम चाव चाव से उनके साथ जाते और घड़े पानी के भर कर आते । सूर्य की तपन को अपने पांवों तले महसूस करना और स्वयं प्यासे रह कर ये अनुभव करना कि अगर पानी ना मिले तो क्या हालत होती है ।हमारी संस्कृति की एक ऐसी सोच है जो तप और संयम से दूसरों के लिए जीना सीखाती है । जल की महिमा का बखान हमारे वेदों और पुराणों में है । आज पश्चिमी देश --' सेव वॉटर यानि पानी बचाओ ' का ज्ञान हमें दे रहे हैं लेकिन हमारे पूर्वजों ने  हज़ारों वर्ष पहले लिखा --" जल को दूषित करने वाला नरक में जाता है " । पाप,और पुण्य  , स्वर्ग और नरक  भारतीय जनमानस. में गहरे पैठे रहते हैं ।भले ही नरक और पाप  के डर से  ही सही हमारे पूर्वज जल को स्वच्छ तो रखते थे । अथर्ववेद में जल पर सबसे ज्यादा श्लोक हैं जिनमें जल को जीवन का अमृत और भेषज यानि औषधि माना गया है । जल के दान को महादान बताया गया है । अगर आप अपने व्रत त्यौहारों पर ध्यान से विशलेषण करें तो आप पायेंगें कि सभी त्यौहार और व्रत मौसम से जुड़े हैं । तपती गर्मी में हम शीतल जल , शर्बत पीते हैं सत्तू , खीरा ककड़ी तरबूज और खरबूज खाते हैं ।और आप देखेंगें कि निर्जला एकादशी जो इसी महीने में पड़ती है (इस साल 12 जून को है  ) हम जल से भरा घड़ा , पखां , शरबत की बोतल , खरबूजा , ककड़ी , सत्तू , छतरी और जूते का दान करते हैं । ये वही सब वस्तुएं हैं जिनका हम गर्मियों में बहुत इस्तेमाल करते हैं औऱ इन्ही का हम दान भी करते हैं । यानि सीधा सा गणित है दूसरों की भी मदद करो जिनके पास इन सब वस्तुओं का अभाव है उन्हें दान करो । प्याऊ लगवाना ,पशु , पक्षियों के लिए जल की व्यवस्था करना धर्म माना गया है । इससे कितना पुण्य मिलता है इसका फैसला तो चित्रगुप्त ही करेंगें लेकिन ये तय है कि हमारी संस्कृति में सह अस्तित्व का बहुत महत्व है । इस भयंकर गर्मी में पशु पक्षियों को भी तो पानी चाहिए औऱ हम मनुष्यों को धर्म के माध्यम से ये सीखाया गया कि उनका भी ध्यान रखो ।
                                                                            गर्मी के महीने में गर्मी पड़ना भी बहुत आवश्यक है । अगर जेठ नहीं तपेगा तो सावन नहीं बरसेगा , और सावन नहीं बरसेगा तो किसानों को बहुत नुकसान होगा , फसल का नुकसान होगा और आखिर में हम सबको इसका नुकसान उठाना पड़ेगा । प्रकृति बहुत उदार और विशाल है उसके मौसमी फल भी हमारे शरीर को फायदा पहुंचाते हैं । इस मौसम के सभी  फलों और सब्जियों में पानी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है । खीरा विटामिन ए , पोटेशियम से भरपूर होता है तो खरबूजा  पोटेशियम और विटामिन सी से भरपूर होता है । खीरा , ककड़ी तरबूज और खरबूजा शरीर को खनिज लवण देते हैं । ये फल खाने से लू नहीं लगती ।
                 इस मौसम में शरीर में पित्त उभरता है . गर्मी लगती है और प्यास भी लगती है ।  हमारे परंपरागत ठंडे पेय में शिकजंवी , आम का पाना , इमली का पाना , सत्तू और छाछ  पीया जाता था । जो शरीर को बाहरी नहीं भीतरी शीतलता देते थे । पोषक आहार विशेषज्ञ अरूण कुमार पानी बाबा  कहते हैं कि शिकजंवी में मिल की बनी चीनी ना डाल कर देसीतरीके से बना बूरा मिलाना चाहिए । और उसमें त्रिकटू ज़रूर डालना चाहिए । त्रिकटू काली मिर्च , सौंठ और पीपल को बराबर मात्रा में मिला कर कूट कर बनाया जाता है । अरूण जी कहते हैं त्रिकटू को फलों की चाट में , रायते में सबमें मिलाएं तो वात , कफ और पित्त तीनों संतुलित रहते हैं । और त्रिकटू 12 महीने प्रयोग किया जा सकता है । कच्चे आम , प्याज पुदीने और हरी मिर्च की चटनी भी इस मौसम में वरदान मानी गयी है । जो लोग प्याज नहीं खाते वो बिना प्याज़ के भी ये चटनी बना सकते हैं ।
               ज्योतिष शास्त्र में भी इस महीने की अनोखी व्याख्या है । हमारे परिचित ज्योतिषाचार्य अशोक कुमार जी ने जल और ज्योतिष विषय पर गहन अध्ययन किया है  ।उन्होने जल और मनुष्य के ज्योतिषय संबंध का अद्भुत विश्लेषण किया है । भारतीय महीनों के नाम नक्षत्रों के हिसाब से रखे गए हैं । जयेष्ठ मास की पूर्णिमा को चंद्रमा जयेष्ठा नक्षत्र में होता है । इस नक्षत्र का स्वामी बुध है जो दूसरों के कष्ट की अनुभूति कराता है ।  ये महीना जब आरंभ होता है तो चंद्रमा वृश्चिक राशि में होता है वृश्चिक भी जल की राशि है और इस महीने के सभी त्यौहार जल से जुड़े हैं . निर्जला एकादशी , गंगा दशहरा और भगवान जगन्नाथ की स्नान पूर्णिमा । और इसी महीने में भगवान जगन्नाथ की चंदन यात्रा और नौका विहार होता है ।इस नक्षत्र के देवता इंद्र है जो वर्षा के देवता है । यहां इंद्र , इंद्रियों के शमन का प्रतीक है और जप तप का संदेश देते हैं ।
                                चंद्रमा को मन का स्वामी माना गया है । चंद्रमा की घटती बढ़ती किरणों का प्रभाव मनुष्य के शरीर पर पड़ता है ।मनुष्य के शरीर में भी 72 फीसदी जल है । पृथ्वी का अधिकतर भाग भी जल से भरा है । वृश्चिक राशि में चंद्रमा नीच का माना जाता है औऱ इसकी नीचता को शुभता में बदलने के लिए जल के दान का विधान रखा गया है । आप जल जितना दान करेंगें चंद्रमा उतना ही शुभ होगा और मन भी प्रसन्न रहेगा । मन ठीक होगा तो शरीर भी प्रसन्न रहेगा । प्रसन्न रहने पर तन मन में उर्जा और उत्साह का संचार रहता है . उत्साह और उर्जा से सकारात्मक सोच बनती है । अशोक जी का मानना है इससे बुध ग्रह शुभ हो जाता है । अच्छी बुद्धि होने पर इंसान कर्म भी  अच्छे ही करता है यानि शनिदेव शुभ हो गए । अच्छे कर्मों से कामनाएं पूर्ण होती हैं और सुख की अनुभूति होती है अर्थात शुक्र शुभ हो गया । और अच्छे रास्ते से धन कमाने वालों का मन फिर आध्यात्म और भक्ति की और मुड़ता है । यानि देवगुरू बृहस्पति शुभ हो गए । . भक्ति मार्ग में रूकावटें डालने वाला राहू भी जब मनुष्य की सरलता और निष्कपटता देखता है तो वो अनूकूल हो जाता है । धर्म अर्थ और काम के बाद शेष बचता है मोक्ष केतु मोक्ष देने वाला ग्रह माना गया है और वही मोक्ष की राह पर चलने की बुद्धि देता है । यानि जल का  और संरक्षण मनुष्य का जीवन ही बदल देते हैं । इसलिए तपती गर्मी में जन कल्याण , धरती के अन्य प्राणियों के कल्याण और अपने कल्याण के लिए जल को शुद्ध रखो , संरक्षण करो , नदियों सरोवरों की पवित्रता बनाए रखो और जितना हो सके जल का दान करो । उतना ही पानी इस्तेमाल करें जितना ज़रूरी है बर्बाद ना करें । निर्जला एकादशी को निर्जल व्रत रखने के पीछे भी यही सोच रही होगी कि जल का सरंक्षण करो अपने लिए भी और धरती के सभी प्राणियों के लिए भी । अपने घर के आसपास पानी के घड़े रखें , पशु पक्षियों के लिए पीने का पानी  रखें । आप अगर पाप पुण्य में  बी  विश्वास नहीं रखते तो नेक काम करके आपके दिल को शांति तो अवश्य मिलेगी ।